रामगढ़, झारखंड : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रामगढ़ जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुधवार को हाथीमारा स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने की, जिसमें संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सुबह 11:30 बजे शुरू हुई इस बैठक में जिले के सभी नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मंडलों के सांगठनिक ढांचे को पूर्ण करना था। इसी क्रम में सभी मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने मंडल की कार्यसमिति की सूची जिला अध्यक्ष को सौंप दी।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ताओं में होती है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्षों द्वारा सौंपी गई कार्यसमिति सूची में ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जो जमीनी स्तर पर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक अपनी नीतियों और विचारों को पहुंचाना है।
इस दौरान मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करें तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यसमिति के गठन के बाद जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष प्रवीण मेहता, रंजन फौजी, अशोक कुमार सोनी, राजीव पामदत्त, बबलु कुशवाहा, मनोज महतो, सुशांत कुमार पांडेय, सोनू कुमार शौर्य, रूपा देवी, निरंजन कुमार, जितेन्द्र साहू, नरेश साव, महेंद्र प्रसाद, गोविंद रजवार, अशोक कुमार और अजय पासवान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।