मिली जानकारी के अनुसार ट्रक बरही से कोडरमा की ओर जा रहा था। इसी दौरान जवाहर घाटी के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक तेज रफ्तार में पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए डैम में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में लदी मछलियां सड़क पर बिखर गईं।
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक पूरी तरह डैम के गहरे पानी में डूब गया है।
पुलिस के अनुसार चालक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रक के अंदर ही फंसा हो सकता है। घायल उपचालक को तुरंत बरही अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रशासन द्वारा ट्रक और चालक की तलाश जारी है। आवश्यकता पड़ने पर गोताखोरों की मदद भी ली जा सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जवाहर घाटी क्षेत्र में पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। घाटी में तीखे मोड़ और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण यहां हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से इस स्थान पर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।