रामगढ़, झारखंड : आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट के छात्र बालकृष्ण पराशर (कक्षा 9वीं) ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) द्वारा आयोजित “इनोवेशन इन साइंस परस्यूट फॉर इंस्पायर्ड रिसर्च (इंस्पायर)” पुरस्कार मानक योजना में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
विद्यालय से पंजीकृत पांच छात्रों के विचारों में से बालकृष्ण पराशर को उनके नवाचारी और महत्वपूर्ण वैज्ञानिक विचार के लिए INSPIRE पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई है, जो उनके अनुसंधान और वैज्ञानिक सोच के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
बालकृष्ण पराशर के अभिनव मॉडल का शीर्षक “थर्मासिट – स्कूटर सीट के लिए एक कूलिंग सिस्टम” है। यह तकनीक गर्मी के मौसम में स्कूटर की सीट को ठंडा रखने में सहायक होगी और वाहन उपयोगकर्ताओं को राहत प्रदान कर सकती है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह (सेना मेडल) तथा विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने छात्र की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्र की कड़ी मेहनत, जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच का परिणाम है। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि बालकृष्ण भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।