रामगढ़, झारखंड : पवित्र रमजान माह के अंतिम जुमा के अवसर पर शुक्रवार को रामगढ़ शहर सहित पूरे रामगढ़ जिला में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अलविदा जुमा की नमाज अदा की। इस मौके पर शहर की विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की बड़ी संख्या जुटनी शुरू हो गई थी।
अलविदा जुमा की नमाज को लेकर शहर के कई इलाकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में पहुंचे, जिसके कारण कई स्थानों पर मस्जिद परिसर के बाहर तक नमाजियों की भीड़ दिखाई दी।
रामगढ़ शहर की प्रमुख मस्जिदों में गोल पार मस्जिद, सौदागर मुहल्ला मस्जिद, दुसाध टोला मस्जिद, नयीसराय मस्जिद, पटेल चौक स्थित मस्जिद तथा नया बस स्टैंड स्थित मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने अलविदा जुमा की नमाज अदा की।
नमाज के दौरान अमन-चैन, भाईचारे और देश में शांति के लिए दुआएं की गईं। रमजान के इस अंतिम जुमा को मुस्लिम समाज में विशेष महत्व दिया जाता है, इसलिए इस दिन मस्जिदों में आम दिनों की तुलना में अधिक संख्या में नमाजी पहुंचते हैं।