रामगढ़, झारखंड : जिले के कई उच्च विद्यालयों को प्लस टू उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस संबंध में शुक्रवार को रामगढ़ समाहरणालय में उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारीकुमारी नीलम ने प्रखंड स्तर से प्राप्त प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी समिति के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि कई उच्च विद्यालयों को प्लस टू स्तर पर अपग्रेड करने के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं, जिन पर समिति ने विस्तार से चर्चा की।
उपायुक्त ने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की संख्या तथा बच्चों की विद्यालय तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों की समीक्षा की। चर्चा के बाद समिति ने कई विद्यालयों को प्लस टू उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
इन विद्यालयों को प्लस टू में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव
जिला स्तरीय समिति ने जिन विद्यालयों को प्लस टू उच्च विद्यालय में अपग्रेड करने के लिए प्रस्तावित किया है, उनमें उच्च विद्यालय भुरकुंडा, पीएम श्री हाई स्कूल पतरातु, उच्च विद्यालय बरकाकाना, उच्च विद्यालय दाड़ीडीह, उच्च विद्यालय बिचा, उच्च विद्यालय कोरामबे, उच्च विद्यालय बरियातू, उच्च विद्यालय सूतरी, उच्च विद्यालय बंदा, उच्च विद्यालय रजरप्पा प्रोजेक्ट, उच्च विद्यालय कुलही, उच्च विद्यालय गढ़के तथा राम मनोहर लोहिया श्रमिक हाई स्कूल बोंगाहारा शामिल हैं।
समिति ने इन सभी प्रस्तावों को अनुमोदित करते हुए अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य स्तर पर भेज दिया है। राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इन विद्यालयों में इंटरमीडिएट स्तर की पढ़ाई शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।