कुजू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के कुजू क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए सीसीएल तोपा परियोजना से पिंडरा कोलियरी को जाने वाली बिजली लाइन के तार चोरी कर लिए। इस घटना के बाद पिंडरा कोलियरी क्षेत्र में गुरुवार रात से ही बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे आवासीय कॉलोनी में जलापूर्ति भी ठप पड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, दुधमटिया बस्ती के पीछे से पिंडरा कोलियरी को बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन के लगभग छह पोल तक के कीमती विद्युत तार गुरुवार की रात चोरों ने काटकर चोरी कर लिए। तार चोरी होने के कारण पूरे कॉलोनी क्षेत्र में बिजली गुल हो गई, जिससे वहां रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुजू नया मोड़ और डटमा मोड़ के आसपास वन क्षेत्र के पास कई कबाड़ी दुकानों का जमावड़ा है। इन दुकानों की वजह से इलाके में लोहा, प्लास्टिक और अन्य कीमती सामान की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। आरोप है कि कोलियरी क्षेत्र से चोरी हुआ सामान इन्हीं कबाड़ी दुकानों तक पहुंचाया जाता है।
पिंडरा कोलियरी में इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ है। चोरों के निशाने पर अक्सर लोहा, केबल, स्क्रैप कलपुर्जे, सीसीएल का डीजल और बिजली के तार रहते हैं।
घटना की सूचना सीसीएल सुरक्षा विभाग ने स्थानीय पुलिस को दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बिजली आपूर्ति ठप होने से कॉलोनी में रहने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने के कारण जलापूर्ति भी बंद हो गई है, जिससे लोगों के लिए पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। समाचार लिखे जाने तक पिंडरा कोलियरी क्षेत्र में बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। कॉलोनीवासियों ने तोपा परियोजना प्रबंधन से जल्द बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।