कुजू (रामगढ़), झारखंड : सीसीएल तोपा परियोजना क्षेत्र स्थित सरना मैदान में शुक्रवार को सरना स्पोर्टिंग क्लब की ओर से वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तोपा परियोजना के पीओ एमके सिंह उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डिस्पैच आलोक कुमार सिंह, मजदूर प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह, सुरेश्वर तिवारी, रापूरामभजनलाल महतो, ओम प्रकाश अग्रवाल, अरविंद सिंह, रामनाथ महतो, अशोक सिंह और रामेश्वर महतो शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और प्रतीकात्मक रूप से वॉलीबॉल खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन उपमुखिया विजय पासवान ने किया।
मुख्य अतिथि एमके सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार और जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना होती है। उन्होंने आयोजन समिति की पहल की भी सराहना की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रांची रोड और तोपा की जूनियर टीमों के बीच खेला गया, जिसमें रांची रोड की टीम ने जीत हासिल की। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया है।
मैच के दौरान रेफरी की भूमिका रेहान और आफताब ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में करण ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के सदस्य और आसपास के कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।