चरही (हजारीबाग), झारखंड : हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत चरही घाटो चौक में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार 14 मार्च की सुबह लगभग 9:15 बजे एक ट्रेलर (आरजे 52 जीए 2501) का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रेलर ने आगे चल रही एक टेम्पो और सागर बस (जेएच 02 बीटी 5683) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के दौरान सड़क किनारे फल बेच रहे निमाडीह निवासी उदय सिंह (45 वर्ष), पिता सूरज नारायण सिंह ट्रेलर की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गयी। जिसकी तत्काल पहचान नहीं हो पायी है।वहीं दुर्घटना में करीब 10 से 12 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के कारण चरही एनएच पर लगभग दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम लगा हुआ था और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य करने में जुटी हुई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना काफी भयावह थी और टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।