रामगढ़ पुलिस को मिले नए पेट्रोलिंग वाहन, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से रामगढ़ जिले को नए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार झारखंड सरकार की पहल पर पुलिस आधुनिकीकरण के तहत जिले को नए वाहन आवंटित किए गए हैं।

यह पहल झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेनऔर झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर “आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी” अभियान के अंतर्गत की गई है।

जानकारी के अनुसार राज्य स्तर पर स्वीकृत कुल 1255 पेट्रोलिंग वाहन और 1697 दोपहिया वाहन में से प्रथम चरण में झारखंड पुलिस को 636 पेट्रोलिंग वाहन (महिंद्रा बोलेरो) और 849 दोपहिया वाहन (टीवीएस अपाचे) आवंटित किए गए हैं। इनमें से रामगढ़ जिले को 13 बोलेरो पेट्रोलिंग वाहन और 19 अपाचे मोटरसाइकिल उपलब्ध कराए गए हैं।

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमारने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इन नए वाहनों का मुख्य उद्देश्य जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना, रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाना तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पेट्रोलिंग वाहन चलाकर रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांधी चौक, झंडा चौक, सुभाष चौक, सौदागर मोहल्ला, चट्टी बाजार और बाजार टांड़ जैसे संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, रामगढ़ थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि नए पेट्रोलिंग वाहन आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और सूचना मिलते ही पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए वाहनों के आने से पुलिस की कार्यक्षमता और गश्ती व्यवस्था में काफी सुधार होगा।