बड़कागांव (हजारीबाग, झारखंड) : हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने होरम–हरली मार्ग पर मोड़कट्टी चौक के पास छर्री (स्टोन चिप्स) से लदे एक हाईवा वाहन को रोककर उसमें आग लगा दी। आग लगने से वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात कुछ अज्ञात अपराधी हथियारों के साथ मोड़कट्टी चौक के आसपास पहुंचे और रास्ते से गुजर रहे हाईवा को रोक लिया। बदमाशों ने चालक को धमकाकर वाहन से नीचे उतरने को कहा। इसके बाद उन्होंने वाहन पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आग लगा दी। देखते ही देखते हाईवा में भीषण आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हाईवा पूरी तरह जल चुका था।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को बड़कागांव थाना में नए थाना प्रभारी ने पदभार ग्रहण किया था। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।