रामगढ़ में कायस्थ महासंगम की तैयारियों को लेकर हुंकार, बोकारो सम्मेलन में बड़ी भागीदारी का आह्वान

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, रामगढ़ के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय होटल मिलन (न्यू शांति सिनेमा हॉल के निकट) के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान आगामी 5 अप्रैल को बोकारो में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक “कायस्थ महासंगम” की तैयारियों और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कायस्थ समाज की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यूजीसी सहित विभिन्न संवैधानिक और राजनीतिक निकायों में समाज की उचित भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अब समाज को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बोकारो में होने वाले महासंगम में रामगढ़ जिले से बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग भाग लेंगे। साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा समाज की उपेक्षा के मुद्दे पर भी रणनीति तैयार की गई।

वरिष्ठ भाजपा नेता और उद्योगपति रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू ने कहा कि आरक्षण नीति के कारण कई योग्य बच्चे सरकारी नौकरियों से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में समाज को युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर प्रेरित करना होगा। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं की शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

वहीं भैया प्रीतम ने कहा कि जब आज राजनीति में जातीय समीकरणों के आधार पर सरकारें बन रही हैं और चुनाव लड़े जा रहे हैं, तो यह विचार करना आवश्यक है कि कायस्थ समाज क्यों पीछे रह जा रहा है। उन्होंने युवाओं को एंटरप्रेन्योर बनने की सलाह दी।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि कायस्थ समाज हमेशा से राष्ट्र निर्माण में अग्रणी रहा है, लेकिन अब अपने राजनीतिक अधिकारों और सामाजिक भागीदारी के लिए संगठित होना जरूरी है। बोकारो जिला कायस्थ महापरिवार के कार्यकारी अध्यक्ष रतन लाल, प्रमुख सलाहकार अरुण सिन्हा, सुरेन्द्र कुमार सिन्हा और संजय कुमार सिन्हा ने सभी से परिवार सहित 5 अप्रैल को बोकारो में आयोजित महासंगम में शामिल होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक, पारिवारिक और राजनीतिक परिवेश में चित्रगुप्त भगवान के वंशजों के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनका समाधान सामूहिक मंथन से ही संभव है। इसी उद्देश्य से 5 अप्रैल 2026 को बोकारो में कायस्थ सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजीव पामदत्त ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला संयुक्त सचिव मनोज कुमार सिन्हा ने दिया।

इस मौके पर अमित कुमार सिन्हा, अशोक कुमार सिन्हा, सुजीत कुमार सिन्हा पप्पू, दीपक कुमार सिन्हा, संजय लाला, सूर्यदेव प्रसाद कर्ण, बीरेंद्र सिन्हा, डॉ. एस.के. जमुआर, प्रशांत कुमार, अनिल कुमार सिन्हा, आशीष कुमार सिन्हा, राजीव पामदत्त सहित कई वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. रोहित वर्मा, हेमंत कुमार, नितेश रंजन, संजीव कुमार श्रीवास्तव, रविंद्र कुमार सिन्हा, संजय बक्सी, मनीष कुमार श्रीवास्तव, गोपी सिन्हा, विजय वर्मा, शक्ति श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, ब्रजेश वर्मा, सुशील कुमार सिन्हा, राहुल कुमार सिन्हा, विक्की सिन्हा सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।