रामगढ़ (झारखंड) : इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डम्बलबेल जिम में एक विशेष सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में होप हॉस्पिटल के विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि अचानक कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में मेडिकल सहायता पहुंचने तक यदि सही तरीके से सीपीआर दिया जाए तो व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। प्रतिभागियों को व्यावहारिक रूप से भी सीपीआर करने का प्रशिक्षण दिया गया ताकि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत सहायता प्रदान कर सकें।
इसके साथ ही 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए भी विशेष जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि यदि किसी बच्चे को बिजली का झटका लग जाए या डूबने जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाए, तो छोटे बच्चों को किस प्रकार सीपीआर देना चाहिए। उन्होंने बताया कि सही समय पर की गई प्राथमिक सहायता कई कीमती जिंदगियों को बचा सकती है।
इनर व्हील क्लब की सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में कार्डियक अरेस्ट के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में आम लोगों को सीपीआर की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और आपात स्थिति में लोगों को तुरंत सहायता देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया और इसे अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर नमिता श्रॉफ, जनेशा वडेरा, मेघा बगरिया, नीरु साहनी, अनुराधा श्रॉफ, पिंकी गांधी, रंजू अरोरा, जसबिंदर होरा, नवलजीत कौर, ममता अग्रवाल, मधु अग्रवाल, नीतू अग्रवाल और शैली अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।