रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में डाक विभाग के प्रतिनिधियों ने सोमवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को डाक विभाग का वार्षिक कैलेंडर और गंगाजल भी भेंट किया गया।
यह मुलाकात हजारीबाग डिवीजन के डाक अधीक्षक निरंजन कुमार, सहायक डाक अधीक्षक ब्रजेश कुमार पासवान और डाक निरीक्षक आशीष कुमार पांडे के दिशा-निर्देश पर की गई। मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को डाक जीवन बीमा योजना की विशेष जानकारी दी गई। वहीं उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने डाक विभाग की योजनाओं को जनहित में उपयोगी बताते हुए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया, ताकि जिले के अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आज भी लोग अपने पैसे को लेकर डाकघर में सुरक्षित महसूस करते हैं और डाक विभाग की बचत व बीमा योजनाओं में बेहतर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। देश की सबसे पुरानी बीमा योजना डाक जीवन बीमा का लाभ जहां शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोग उठा रहे हैं, वहीं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के माध्यम से सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय और डाक सहायक शुभम सौरव ने कई लोगों का डाक जीवन बीमा भी किया और आम लोगों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में रविशंकर राय ने प्रशासनिक अधिकारियों को सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डाक विभाग की सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।