आकांक्षी जिला व प्रखंड कार्यक्रम की समीक्षा के लिए रामगढ़ पहुंचीं संयुक्त सचिव नीतू प्रसाद, समाहरणालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत सोमवार को रामगढ़ समाहरणालय सभाकक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार की संयुक्त सचिव (मरीन फिशरीज) श्रीमती नीतू प्रसाद ने की। इस दौरान उपायुक्त, उप विकास आयुक्त सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, कौशल विकास और वित्तीय समावेशन सहित विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों से जुड़े मुख्य प्रदर्शन संकेतकों (KPI) की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति और आगे की कार्ययोजना से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर संयुक्त सचिव श्रीमती नीतू प्रसाद ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर मापनीय परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि यह सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के रूप में दिखाई दे।

उन्होंने बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच समन्वय, सामुदायिक सहभागिता और कार्यों की प्रगति की समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आजीविका कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और शिक्षा में नामांकन बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी दी गई। वहीं पोषण से जुड़े सूचकांकों और कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार में आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान संयुक्त सचिव श्रीमती प्रसाद जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, सक्षम केंद्रों, पंचायत भवनों और आजीविका प्रशिक्षण केंद्रों का भ्रमण करेंगी। इस दौरान वे लाभुकों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगी।

प्रशासन के अनुसार यह दौरा आकांक्षी जिलों और प्रखंडों को विकास के मॉडल के रूप में विकसित करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।