रामगढ़ (झारखंड) :नगर परिषद रामगढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखने तथा देश की सार्वभौमिकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की प्रतिज्ञा की।
शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद में उपाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, उपाध्यक्ष पद के लिए तीन पार्षदों ने अपनी दावेदारी पेश की है।
इनमें वार्ड संख्या 17 से रणधीर गुप्ता, वार्ड संख्या 24 से प्रतिभा शरण तथा वार्ड संख्या 4 से अरुण कुमार कुशवाहा शामिल हैं। अब वार्ड पार्षदों द्वारा मतदान के जरिए उपाध्यक्ष का चयन किया जाएगा।
नगर परिषद के इस गठन के बाद स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।