किला मंदिर में रामनवमी की तैयारियां तेज, नई पूजा समिति का गठन

Spread the love

रामगढ़ ( झारखंड ) : शहर के किला मंदिर परिसर में आगामी रामनवमी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार शाम आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी रामनवमी का पर्व पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता मंदिर प्रबंध समिति के प्रमुख अनुप कुमार (बाबू साहेब) ने की, जबकि संचालन प्रो. संजय प्रसाद सिंह ने किया। इस दौरान रामनवमी पूजा समिति का पुनर्गठन करते हुए किशोर जाजू को अध्यक्ष, धीरज झा को सचिव तथा राहुल जैन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समिति के सदस्यों ने बताया कि 27 मार्च को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, साथ ही दापोत्सव भी मनाया जाएगा। इसके अलावा 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य अटूट भंडारा और संगीतमय सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष किशोर जाजू ने बताया कि किला मंदिर में रामनवमी जुलूस की परंपरा काफी पुरानी है। वर्ष 1942 में इसे अंग्रेजी शासनकाल के दौरान आधिकारिक अनुमति मिली थी, जिसके बाद से यह आयोजन निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को आगे बढ़ाने में शहरवासियों और समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही है।

बैठक में अनूप कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह, महेश कुमार, पंकज जैन, हैप्पी छबड़ा, राजा कालरा, राजू राजकमल, विष्णु शर्मा, अमिताभ शर्मा और रोहित वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।