रामगढ़ (झारखंड) में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शांति सोरेन ने पति पर लगाया जान से मारने की धमकी का आरोप, थाने में प्राथमिकी दर्ज

Spread the love

रांची / रामगढ़ (झारखंड) : जिले की पहली जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकीं शांति सोरेन ने अपने पति और एक महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी तथा अपने बच्चों की जान को खतरा बताया है। इस मामले के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, शांति सोरेन के पति विनोद किस्कू झामुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में झामुमो जिला संयोजक मंडली के संयोजक हैं। शांति सोरेन ने घाटोटांड ओपी/मांडू थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पति का संबंध एक अन्य महिला रीना मुखर्जी से है और दोनों मिलकर उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं।

आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि 12 मार्च 2026 को उनके जेठ के श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उनके पति द्वारा सबके सामने जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों मिलकर उनकी हत्या कर पैतृक संपत्ति हड़पना चाहते हैं।

शांति सोरेन ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उन्हें और उनके बच्चों—जयप्रकाश किस्कू और श्रेया किस्कू—को भी सबके सामने जान से मरने की धमकी दी गयी तथा लगातार धमकियां मिल रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मांडू (घाटोटांड) थाना में 15 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

हालांकि, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर शांति सोरेन ने 19 मार्च 2026 को हेमंत सोरेन को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने विभिन्न फोन नंबरों से जान से मारने की धमकी मिलने की बात भी कही है। मुख्यमंत्री को भी दिये आवेदन में शांति सोरेन ने अपने पति विनोद किस्कू से रीना मुखर्जी से संबंध होने की बात लिखी है

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है। इस आवेदन की प्रतिलिपि एसपी रामगढ़, डीआईजी हजारीबाग, गृह विभाग रांची के प्रधान सचिव, पुलिस महानिदेशक रांची सहित झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय, फागू बेसरा व सुप्रियों भटाचार्य को भी भेजी गई है। ओपी थाना तथा मुख्यमंत्री के यहां दिये आवेदन में शांति सोरेन ने उक्त महिला रीना मुखर्जी के लिए अपने पति की रखैल शब्द का प्रयोग किया है।

यह मामला अब जिले में कानून-व्यवस्था और पारिवारिक विवाद के गंभीर पहलुओं को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।