गुमला/रामगढ़ (झारखंड) : सुरेश पी अग्रवाल शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष, ने मुनि श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज के झारखंड में मंगल प्रवेश पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार, मुनि श्री ने छत्तीसगढ़ के जशपुर से प्रस्थान कर रविवार 22 मार्च को प्रातःकाल गुमला जिला, झारखंड में प्रवेश किया। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिनमें सैकड़ों पुरुष एवं महिलाएं शामिल थीं।
इस अवसर पर रामगढ़, झारखंड से भी श्रावकों का एक जत्था गुमला पहुंचा और मुनि श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुनि श्री के झारखंड आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
झारखंड सरकार द्वारा मुनि श्री के सम्मान में उन्हें राजकीय अतिथि का दर्जा दिया गया है, जो राज्य में उनके प्रति सम्मान और आस्था को दर्शाता है।
कार्यक्रम के तहत मुनि श्री 28 मार्च को रांची पहुंचेंगे, जहां 30 मार्च से 6 अप्रैल तक विभिन्न धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद वे शिखरजी (सम्मेद शिखर जी) की ओर प्रस्थान करेंगे। इस दौरान उनके रामगढ़ आने की भी संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2010 में मुनि श्री के रामगढ़ प्रवास के दौरान उनके आशीर्वाद से शांतिधारा फाउंडेशन की स्थापना हुई थी। यही कारण है कि फाउंडेशन से जुड़े सभी सदस्य उनके पुनः आगमन को लेकर विशेष उत्साहित हैं और दर्शन के लिए आतुर हैं।