अग्रगति संस्था को देवघर में अंतर्राजीय सम्मान, सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला अवॉर्ड

Spread the love

समारोह में सम्मानित व्यक्ति व संस्थाओं के प्रतिनिधि मुख्य अतिथि के साथ

रामगढ़/देवघर, झारखंड : देवघर स्थित इशान सरोवर पोर्टिको होटल के सभागार में ग्राम साथी संस्था द्वारा आयोजित अंतर्राजीय सम्मान समारोह में विभिन्न राज्यों की संस्थाओं और समाजसेवियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। 24 मार्च 2026 को आयोजित इस समारोह में झारखंड के रामगढ़ जिला सहित अन्य जिलों और अन्य राज्यों में कार्यरत संस्थाओं को भी विशेष रूप से सम्मान दिया गया।

समारोह को संबोधित करते अग्रगति के निदेशक किरण शंकर दत्त

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख थे, जिनके हाथों रामगढ़ जिला समेत झारखंड के अन्य जिलों व अन्य राज्यों में कार्यरत सामाजिक संस्था “अग्रगति” को “इंटर स्टेट सोशल सर्विस अवॉर्ड-2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था को सामाजिक सेवा, सामुदायिक सशक्तिकरण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट समर्पण एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया।

अग्रगति संस्था के निदेशक किरण शंकर दत्त ने मुख्य अतिथि से यह सम्मान ग्रहण किया। समारोह के दौरान संस्था द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई, जिसमें ग्रामीण विकास, सामाजिक जागरूकता और समुदाय को सशक्त बनाने के प्रयासों को रेखांकित किया गया।

अपने संबोधन में निदेशक किरण शंकर दत्त ने इस सम्मान के लिए मुख्य अतिथि बादल पत्रलेख एवं ग्राम साथी संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था को आगे और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिनिधियों ने भी सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।