रामगढ़, झारखंड :बासंती नवरात्र के पावन अवसर पर माता वैष्णों देवी मंदिर में बुधवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। झंडा चौक स्थित मंदिर परिसर में पंजाबी हिन्दू बिरादरी और मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में माता की भव्य चौकी सजाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्याम मंडल रामगढ़ के भजन गायक ध्रुव सिंह द्वारा गणेश वंदना से की गई। इसके बाद मंडली की गायिका खुशबू जी ने “मन लेके आया माता रानी के भवन में”, “मां शेरावाली की ज्योत जली है” जैसे भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस दौरान रामगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक कमल बगड़िया और ध्रुव सिंह ने भी एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु झूम उठे। कोरस में मनोज शर्मा, ऑर्गन पर चिन्टू मिश्रा, ढोलक पर दिलीप करमाली और ऑक्टोपैड पर मनोज प्रसाद ने संगत कर कार्यक्रम को और जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान माता रानी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
इससे पूर्व, माता की चौकी में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव और सचिव महेश मारवाह की मौजूदगी में पंडित किशोर शर्मा ने मुख्य यजमान नितिन कपूर एवं उनकी पत्नी मनीषा कपूर से विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद मुख्य यजमान द्वारा माता रानी की ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, संगीत और आस्था का अद्भुत समागम देखने को मिला, जिसने बासंती नवरात्र के उत्साह को और बढ़ा दिया।