अयोध्या में यज्ञशाला में भीषण आग, पंडाल जलकर राख, बड़ा हादसा टला

Spread the love

अयोध्या, उत्तर प्रदेश : अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में स्थित बाटी बाबा आश्रम के पास बनी महालक्ष्मी नारायण यज्ञशाला में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे यज्ञ स्थल के बड़े-बड़े पंडाल धू-धू कर जल उठे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, यह यज्ञशाला लगभग एक एकड़ क्षेत्र में फैली हुई थी और हाल ही में नौ दिवसीय महायज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ था। आग लगने के समय स्थल खाली था, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की वजह से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि महायज्ञ का आयोजन 20 मार्च से 28 मार्च तक उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में किया गया था। शनिवार सुबह पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालु लौट चुके थे, इसी दौरान करीब 11:30 बजे के आसपास अचानक आग भड़क उठी।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने तुरंत हालात का जायजा लिया और राहत कार्य शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार करीब 10 दमकल गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, जो राहत की बात है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और तकनीकी टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।