रामनवमी पर रामगढ़ के कुसुमडीह में दिखी गंगा-जमुनी तहज़ीब, मुस्लिम समुदाय ने किया जुलूस का स्वागत

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामनवमी के पावन अवसर पर जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित कुसुमडीह (पोस्ट चाड़ी) गांव में सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। यहां निकले भव्य जुलूस का मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

जुलूस के गांव पहुंचते ही श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस दौरान दोनों समुदायों के लोग एक साथ उत्सव में शामिल हुए और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में मोहम्मद नौशाद (बबलू), ताज मुहम्मद, मोहम्मद इस्तेखार, मोहम्मद तौहीद, मोहम्मद सिद्दीकी, मोहम्मद अफरोज, मोहम्मद शहादत, मोहम्मद इजहार और मुमताज अंसारी सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों के लिए नाश्ता और ठंडे पेयजल की भी व्यवस्था की, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली।

ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और भविष्य में भी इसी तरह आपसी प्रेम और भाईचारा कायम रखा जाएगा। इस आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक एकता और परस्पर सम्मान का मजबूत संदेश दिया, जिससे पूरा गांव उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।