रामगढ़ कैंट, झारखंड: झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय परिसर में निहार शांति पाठशाला ‘फनवाला’ के तहत शिक्षकों के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन तथा विशिष्ट अतिथि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुलोचना कुमारी उपस्थित रहीं। इस दौरान लीप फॉरवर्ड से जुड़े प्रतिनिधियों ने अंग्रेजी साक्षरता कार्यक्रम के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में गोला प्रखंड को ‘टॉप ब्लॉक’ और रकुवा संकुल को ‘बेस्ट क्लस्टर’ का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा 25 शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि नलिनी रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन न सिर्फ शिक्षकों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि निरंतर मेहनत, समर्पण और सही दिशा में प्रयास से ही शिक्षा के स्तर में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर एपीओ कुमार राज, एसपीएमयू के जिला समन्वयक आदित्य कुमार, मिथलेश कुमार रविदास सहित विभिन्न प्रखंडों के बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।