रामगढ़ कैंट, झारखंड : दशमी के अवसर पर सौदागर मुहल्ला में स्थापित माता चैती दुर्गा की प्रतिमा को शनिवार को पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ विदाई दी गई। पारंपरिक तरीके से श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को अपने कंधों पर उठाकर शोभायात्रा निकाली, जो वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है।
प्रतिमा यात्रा सौदागर मुहल्ला चैती दुर्गा मंडप से शुरू होकर प्राचीन दुर्गा मंडप पहुंची। इसके बाद जुलूस बड़की, मंझली और छोटकी काली स्थान होते हुए सत्यनारायण मंदिर तथा लोहार टोला स्थित बारहमसिया काली मंदिर पहुंचा। सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता से आशीर्वाद लिया।
पूरे मार्ग में भक्त जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। अंत में प्रतिमा को बाजे-गाजे के साथ बिजुलिया तालाब ले जाया गया, जहां अंतिम पूजा के बाद माता चैती दुर्गा की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन कर दिया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में उत्साह व आस्था का माहौल देखने को मिला।