गोला (रामगढ़), झारखंड : आज दिनांक 01 अप्रैल 2026 को सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोला का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक से केंद्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
इस दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय उपकरणों के मरम्मत एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई को प्राथमिकता देने को कहा।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित मासिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार ने सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी कर्मियों का समन्वित प्रयास बेहद आवश्यक है।