हजारीबाग (झारखंड) : रामनवमी दशमी जुलूस के दौरान युवक प्रिंस कुमार की हत्या के मामले में सदर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटकमदाग थाना क्षेत्र के बलियंत गांव निवासी करण भुइयां के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी करण भुइयां फरार हो गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए पदमा जंगल में छिपा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि 29 मार्च को रामनवमी दशमी जुलूस के दौरान अशोक चौक के समीप प्रिंस कुमार पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।