गोला (रामगढ़), झारखंड : जिले के गोला वन क्षेत्र अंतर्गत बंदा, मुरपा और धोरधोरिया गांवों में शुक्रवार सुबह जंगली हाथियों के हमले से तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
अचानक हमले में तीन की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, बंदा इलाके में एक ईंट भट्ठा पर काम कर रहे तालाटांड़ (पतरातू) निवासी 25 वर्षीय धीरज भुइयां और कुजू निवासी 25 वर्षीय युगल भुइयां पर हाथियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। दोनों को हाथियों ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसी दौरान मुरपा क्षेत्र में महुआ चुन रहे 70 वर्षीय श्याम देव साहू भी हाथियों की चपेट में आ गए और उनकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। धीरज भुइयां अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं।
महिला घायल, इलाज जारी
वहीं, धोरधोरिया (सुतरी गांव) में महुआ बीन रही 74 वर्षीय अदरी देवी पर भी हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन की कार्रवाई और मुआवजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी है। शेष 3.75 लाख रुपये की मुआवजा राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने की बात कही गई है। इसके अलावा, ईंट भट्ठा संचालक ने भी पीड़ित परिवारों को 40-40 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के मूवमेंट पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।