झारखंड : रामगढ़ में पतरातू स्थित ओसम मिल्क प्लांट पर तड़के फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : जिले के पतरातू क्षेत्र में शनिवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ओसम मिल्क प्लांट को निशाना बनाकर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। सुबह करीब छह बजे बाइक सवार हमलावर प्लांट के पास पहुंचे और कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।

घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद किए।

इसी बीच, सोशल मीडिया पर कुख्यात राहुल दुबे गैंग की ओर से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में प्लांट के मालिक अनिरुद्ध को चेतावनी देते हुए इसे “सिर्फ ट्रेलर” बताया गया है और आगे बड़े हमले की धमकी भी दी गई है। साथ ही, मालिक के परिवार को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।

फिलहाल पुलिस वायरल पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है और पूरे मामले की गहराई से छानबीन में जुटी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।