रांची (झारखंड) : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के तहत अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 12 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। आयोग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।
यह परीक्षा राज्य के आठ जिलों—रांची, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, देवघर एवं दुमका में स्थित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
आयोग ने बताया है कि परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी के लिए लिंक आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थी 9 अप्रैल 2026 से अपने प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड परीक्षा के तीन दिन पहले जारी किया जाएगा और इसे केवल ऑनलाइन माध्यम से ही प्राप्त किया जा सकेगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक या किसी अन्य माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड में दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उनका सख्ती से पालन करें।
यदि किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ई-मेल और हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
गौरतलब है कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने वर्ष 2023 में उत्पाद सिपाही के कुल 583 पदों पर नियुक्ति के लिए यह चयन प्रक्रिया शुरू की थी।