रामगढ़, झारखंड : पतरातू प्रखंड के कोतो पंचायत में जर्जर हो चुके आवासों का कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत जीर्णोद्धार कराए जाने से बिरहोर आदिम जनजाति के परिवारों में खुशी का माहौल है। शनिवार, 04 अप्रैल 2026 को उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने इन आवासों का निरीक्षण किया।
ये आवास पूर्व में कल्याण विभाग द्वारा बनाए गए थे, लेकिन समय के साथ काफी जर्जर हो गए थे। जिंदल स्टील पतरातू द्वारा इनका पुनर्निर्माण कर बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
बताया गया कि पहले इन परिवारों को रहने, भोजन और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब जीर्णोद्धार के बाद स्थिति में सुधार हुआ है और जीवन स्तर बेहतर हुआ है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।