पश्चिमी सिंहभूम (झारखंड) : सारंडा वन क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को एक बार फिर निशाना बनाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट होने से कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, जवानों की टीम सोमवार सुबह सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों के ठिकानों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान रास्ते में पहले से बिछाए गए विस्फोटक में धमाका हो गया, जिसकी चपेट में आकर जवान अनुज कुमार घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजने की व्यवस्था की गई।
इस घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा इस तरह के हमले पहले भी किए जाते रहे हैं, लेकिन सुरक्षा बल लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
घटना के बाद पूरे सारंडा क्षेत्र में सुरक्षाबलों की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में शांति बहाल करने और नक्सलियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।