रामगढ़, झारखंड: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड परिसर में व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन फैक्ट्री मेडिकल ऑफिसर डॉ. लेख राज ने किया। इस दौरान उन्होंने मधुमेह, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के साथ-साथ मोटापा, नशा, धूम्रपान और शारीरिक गतिविधि की कमी से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कर्मचारियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों, अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस मौके पर प्रबंधन ने सभी से अपील की कि वे नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन और ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर भी जोर दिया गया।