झारखंड के रामगढ़ में उत्पाद सिपाही परीक्षा को लेकर हाई लेवल बैठक, कदाचार मुक्त आयोजन पर जोर

Spread the love

रामगढ, झारखंड :  झारखंड के रामगढ़ जिले में आगामी 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली ‘झारखंड उत्पाद सिपाही लिखित परीक्षा’ के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इस संबंध में उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान परीक्षा की व्यापक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि रामगढ़ जिले में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9,384 परीक्षार्थी तीन पालियों में परीक्षा देंगे।

उपायुक्त ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें, क्योंकि परीक्षा के सफल संचालन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा नियमावली से संबंधित किसी भी प्रकार की दुविधा को पहले ही दूर कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

कदाचार रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाई जा सके।

बैठक में परीक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई, जिसमें परीक्षा केंद्र की घेराबंदी, प्रवेश व्यवस्था, ओएमआर शीट एवं अन्य गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रूप से सील करने की प्रक्रिया तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन से जुड़े दिशा-निर्देश शामिल थे।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय वरीय अधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी, केंद्र अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।