रामगढ़ कैंट (झारखंड) : श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों द्वारा वैसाखी पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सबद एवं कीर्तन से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने गुरु गोविंद सिंह से संबंधित सबद प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद बच्चों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में भांगड़ा और गिद्धा नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को उत्सवमय बना दिया। विद्यार्थियों ने वैसाखी के महत्व पर भाषण देते हुए फसल कटाई के इस पर्व की जानकारी भी साझा की।
छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। नर्सरी के बच्चों ने मकई, एलकेजी के विद्यार्थियों ने गेहूं, यूकेजी के बच्चों ने चना दाल और कक्षा एक के विद्यार्थियों ने चावल चिपकाकर सुंदर चित्र तैयार किए। कक्षा दो के बच्चों ने चरखी और घिरनी बनाई, जबकि कक्षा चार के विद्यार्थियों ने ढोल तैयार किए और कक्षा पांच के बच्चों ने आकर्षक कार्ड बनाकर वैसाखी की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में गांव की प्रतीकात्मक झलक भी प्रस्तुत की गई, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने चक्की चलाना, गेहूं फटकना, दही मथना और धान काटने जैसी गतिविधियों का प्रदर्शन कर बैसाखी के पारंपरिक स्वरूप को जीवंत कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वैसाखी मेहनत, समृद्धि और खुशियों का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को परिश्रम, एकता और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान परमदीप सिंह कालरा सहित विद्यालय प्रबंधक समिति के सदस्य—सरदार मनमोहन सिंह लांबा, सरदार हरपाल सिंह अरोड़ा, सरदार सुरिंदर पाल सिंह चंडोक, सरदार कुलजीत सिंह कालरा, सरदार वरिंदर सिंह चंडोक, सरदार गुरप्रीत सिंह जॉली, सरदार नरेंद्र पाल सिंह गुजराल, सरदार पुषविंदर पाल सिंह, सरदार कुलजीत सिंह छाबड़ा, सरदार गुरदीप सिंह सैनी, सरदार सतिंदर सिंह होरा, सरदार विक्रमजीत सिंह कोहली, सरदार गुरप्रीत सिंह चाना, सरदार रमन बेदी एवं सरदार करमजीत सिंह जग्गी की गरिमामयी उपस्थिति रही।