रामगढ़ कैंट (झारखंड) : उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिले के सभी अंचलों में 15 से 18 अप्रैल 2026 तक चार दिवसीय विशेष राजस्व कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों का उद्देश्य जनहित में राजस्व से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करना है।
कैंप के दौरान 30 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के मामलों—चाहे वे आपत्ति सहित हों या बिना आपत्ति के—का निष्पादन किया जाएगा। साथ ही अंचल अधिकारी राजस्व दस्तावेजों का सत्यापन कर सुनवाई करेंगे और आवश्यक निर्णय लेंगे।
इसके अलावा ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने के लिए प्रज्ञा केंद्रों के माध्यम से अलग काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। परिशोधन के तहत प्राप्त मामलों का सत्यापन और मिलान कर उनका निपटारा किया जाएगा। स्वीकृत मामलों के रैयतों को 18 अप्रैल को कैंप के अंतिम दिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शुद्धि पत्र वितरित किए जाएंगे।
कैंप में आने वाले नागरिकों के लिए पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी और जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जानकारी प्रसारित की जाएगी।
कैंप के सफल संचालन के लिए विभिन्न अंचलों में वरीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मांडू में अपर समाहर्ता, रामगढ़ सदर में अनुमंडल पदाधिकारी, पतरातू में भूमि सुधार उपसमाहर्ता, गोला में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, चितरपुर में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी तथा दुलमी में जिला पंचायती राज पदाधिकारी निगरानी करेंगे। पूरे आयोजन के लिए अपर समाहर्ता, रामगढ़ को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिदिन शाम 4 बजे तक प्रगति प्रतिवेदन जिला राजस्व शाखा को उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन ने सभी रैयतों से अपील की है कि वे इस विशेष कैंप का लाभ उठाकर अपने लंबित राजस्व मामलों का निपटारा कराएं।