रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब में बैसाखी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सिख समुदाय के लिए नए वर्ष और “खालसा सृजना दिवस” के रूप में मनाए जाने वाले इस पर्व पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु का आशीर्वाद लिया।
गुरुद्वारा साहिब में रविवार से शुरू हुए अखंड पाठ का समापन मंगलवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। इसके बाद विधिवत अरदास की गई और निशान साहिब को बदला गया, जिसकी सेवा समाजसेवी रमेंद्र सिंह गांधी के परिवार द्वारा निभाई गई।
इस अवसर पर विशेष दीवान सजाया गया, जो सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। दीवान में लखनऊ से आए प्रसिद्ध कीर्तनकार भाई जसविंदर सिंह खालसा ने अपनी मधुर वाणी से संगत को भावविभोर कर दिया। वहीं, गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथि भाई गुरविंदर सिंह ने अरदास कर सभी के कल्याण की कामना की।
गुरुद्वारा साहिब के प्रधान परमदीप सिंह कालरा ने बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सिख समुदाय के लिए खुशियां और नई शुरुआत का प्रतीक है। कार्यक्रम का समापन दोपहर करीब 2:50 बजे हुआ, जिसके बाद संगत के बीच अटूट लंगर का वितरण किया गया।
इस दौरान वृंदावन पॉलिडॉक हॉस्पिटल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें डॉ. राजेश कुमार कश्यप ने अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम में रामगढ़ विधानसभा की विधायक ममता देवी, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम लता मुंडा और उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता को गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा सिरोपा देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में खालसा फेडरेशन, स्त्री सत्संग समूह सहित रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, हैप्पी छाबड़ा, अमरजीत सिंह सैनी, हरदीप सिंह होरा, प्रीतम सिंह कालरा, जोगेंद्र सिंह जग्गी, रविंद्र सिंह छाबड़ा, गुरजीत सिंह सलूजा, हरपाल सिंह अरोड़ा, कुलजीत सिंह कालरा, अनमोल सिंह आनंद, जगजीत सिंह जग्गी, हरप्रीत सिंह खालसा, नरेंद्र सिंह चमन, तेजिंदर सिंह सोनी, मनपाल सिंह सोनी, रौनक छाबड़ा, इकबाल सिंह छाबड़ा, अमन सिंह, गुरजोत सिंह सैनी, जसमीत कौर सोनी, रोमी छाबड़ा, समी जोली, गुरबख्श कौर, सनी, लवली लंबा, सतविंदर कौर, निक्की लंबा, बलविंदर कौर छाबड़ा, चरणजीत कौर जोली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।