रामगढ़ कैंट (झारखंड) : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 के अवसर पर 14 अप्रैल को एचएएसपी मुख्य द्वार परिसर और सेंट्रल ट्रेनिंग हॉल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के महत्व के बारे में बताया गया तथा आग से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करने और सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शाम के समय जीएफए परिसर में एक अन्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वर्ष 1944 की घटना में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बहादुर अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शपथ भी दिलाई गई।
इस वर्ष का थीम “सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज — साथ मिलकर अग्नि रोकथाम” रखा गया है, जो समाज के हर वर्ग को आग से सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देता है।
बीएफसीएल प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों और नागरिकों से अपील की कि वे अपने कार्यस्थलों और घरों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें, सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करें और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता व समझदारी से कार्य करें। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।