रामगढ (झारखंड) : रामगढ जिला के मांडू विधानसभा क्षेत्र: झारखंड संयुक्त शिक्षा संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर 16 अप्रैल 2026 को रामगढ़ जिले के मांडू विधानसभा क्षेत्र में वित्तरहित उच्च विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों ने स्थानीय विधायक तिवारी महतो के आवास का घेराव किया।
यह प्रदर्शन सत्र 2025-26 में 223 वित्तरहित शिक्षण संस्थानों के अनुदान रोके जाने के विरोध में किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अनुदान बंद होने से इन संस्थाओं की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों ने सरकार से तत्काल अनुदान जारी करने, राजकर्मियों का दर्जा देने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने तथा छात्राओं को सरकारी स्कूलों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि राज्य के करीब 60 प्रतिशत बच्चे इन्हीं संस्थानों में पढ़ाई करते हैं और बेहतर परिणाम भी देते हैं, इसके बावजूद सरकार द्वारा इन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।
घेराव के दौरान विधायक तिवारी महतो ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर संबंधित विभाग को पत्र लिखेंगे और विधानसभा में भी पहले की तरह उनकी आवाज उठाएंगे।
इस कार्यक्रम में देवनाथ सिंह, गणेश महतो, रघु विश्वकर्मा, डालेश चौधरी, शारदा चौधरी, जुगेश महतो, जगन्नाथ महतो, मनोज प्रसाद, सर्वेश्वर राम सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। साथ ही छोटानागपुर हाई स्कूल बोंगावार के शिक्षाविद मिहिर चंद मुण्डा समेत दर्जनों शिक्षकों ने भाग लिया।