बिजली दरों और कटौती के खिलाफ रामगढ़ में भाजपा का प्रदर्शन, जेएसइबी कार्यालय का घेराव

Spread the love

 रामगढ़ (झारखंड) : राज्य की बिजली नीति के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रामगढ़ जिला इकाई ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जेएसईबी कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बाबला के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बिजली दरों में बढ़ोतरी, लगातार हो रही अघोषित कटौती और पोस्टपेड मीटर के जरिए उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली की जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगे बिजली बिल और अनियमित आपूर्ति से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से दूर हो चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया। उनका कहना था कि बढ़ते बिजली बिल से घरेलू बजट बिगड़ गया है।

आंदोलन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें बिजली दरों में कमी, 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति, स्मार्ट/पोस्टपेड मीटर की जांच, गलत बिलों की समाप्ति और अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने की मांग की गई।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और विभाग ने जल्द सुधार नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा और इसे पूरे राज्य स्तर पर उठाया जाएगा।