कथारा / बेरमो (बोकारो), झारखंड : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की धनबाद टीम ने कथारा कोलियरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के आरोप में दो लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे कोलियरी क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कथारा कोलियरी में कार्यरत कार्मिक प्रबंधक सुभाष चन्द्र पासवान और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से जुड़े नेता सह एचएमकेपी के कथारा क्षेत्रीय सचिव शमशुल हक को करीब 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
मामला उस समय सामने आया जब सुरेश किस्कू ने CBI धनबाद में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता, जो कथारा कोलियरी से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए थे, उनके बकाया भुगतान के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। पिता के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट में था, ऐसे में भुगतान के एवज में 35 हजार रुपये मांगे गए।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए CBI ने जाल बिछाया और पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही रिश्वत की रकम सौंपी गई, टीम ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनके पास से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।