रांची (झारखंड) : झारखंड में भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष के विरोध को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि यह विरोध नारी सशक्तिकरण के मार्ग में एक गंभीर बाधा है।
श्री पुटूस ने कहा कि देश की आधी आबादी को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के उद्देश्य से लाया गया यह ऐतिहासिक विधेयक विपक्ष के गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण पारित नहीं हो सका, जो लोकतंत्र और महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों के सपनों को साकार करने का माध्यम था। यह संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सशक्त भूमिका देने की दिशा में एक अहम कदम भाजपा सरकार ने उठाया था ।
भाजपा नेता श्री पुटुश ने आगे कहा कि आज महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, सेना और राजनीति जैसे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे समय में इस विधेयक का विरोध कर इसे पारित न होने देना विपक्ष की नीयत पर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की हर पहल में बाधा डालना और महिला बिल को पारित न होने देना उनके राजनीतिक स्वार्थ को दर्शाता है और जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।