रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त का समाहरणालय में औचक निरीक्षण, समयबद्ध कार्य निष्पादन व पारदर्शिता के दिए निर्देश

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : नवपदस्थापित उपायुक्त रामगढ़  ऋतुराज ने सोमवार 20 अप्रैल 2026 को जिला समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई एवं आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।

इस दौरान उपायुक्त ने गोपनीय कार्यालय, नजारत, एनआईसी, विधि शाखा, स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, कोषागार कार्यालय, जन शिकायत कोषांग, अपर समाहर्ता कार्यालय, जिला भू अर्जन कार्यालय, आपूर्ति कार्यालय, अवर निबंधन कार्यालय, जिला कल्याण कार्यालय, जिला पंचायती राज कार्यालय एवं जिला समाज कल्याण कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र निष्पादन करने और अनावश्यक विलंब से बचने को कहा।

उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में फाइलों का सही रख-रखाव और अद्यतन अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके।

जन शिकायत कोषांग के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की और कहा कि आमजनों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ से बचाव और सुगम कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पदाधिकारियों को आमजनों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कहा।

इस दौरान गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, नजारत उप समाहर्ता संजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।