रजरप्पा (रामगढ़) झारखंड : समाज सेवा के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को निभाते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ ने रजरप्पा मंदिर परिसर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सात तीन-सीटर कुर्सियों (कुल 21 सीट) की स्थापना की।
मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल होते हैं। ऐसे में बैठने की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए क्लब ने यह सराहनीय पहल की।
यह कुर्सियां विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होंगी, जो घंटों तक दर्शन के लिए कतार में खड़े रहते हैं और थक जाते हैं। अब वे बीच-बीच में बैठकर विश्राम कर सकेंगे।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रश्मि गुप्ता ने कुर्सियों का विधिवत उद्घाटन किया तथा इस सेवा परियोजना की सराहना करते हुए क्लब के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में रजरप्पा मंदिर के पंडा समाज के सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
क्लब की इस पहल से श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान विश्राम करने में सुविधा मिलेगी और उन्हें अधिक आरामदायक अनुभव प्राप्त होगा। मंदिर प्रशासन एवं श्रद्धालुओं ने इस कार्य के लिए क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्लब की पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति रही। इस मौके पर क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ, सचिव जनेशा वडेरा, मेघा बगरिया, नीरु साहनी, पीडीसी शर्मिष्ठा दत्ता, अनुराधा श्रॉफ, रंजू अग्रवाल, पिंकी गांधी, जसमीत सोनी, परमजीत भुसरी, सुरेंद्र चमन, मधु अग्रवाल आदि मौजूद थे।