रामगढ़ (झारखंड) : पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ द्वारा शनिवार को रामगढ़ अनुमंडल क्षेत्र के मांडू अंचल एवं मांडू थाना का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस व्यवस्था, लंबित मामलों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने अंचल एवं थाना क्षेत्र के भौगोलिक परिदृश्य की जानकारी ली। साथ ही मांडू अंचल में प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों के कार्य बंटवारे, लंबित मामलों के अनुसंधान एवं निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। पंजीयों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसके उपरांत मांडू थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों के कार्य बंटवारे, अभिलेखों के रख-रखाव तथा लंबित वारंट, कुर्की और सम्मन के निष्पादन की स्थिति की जांच की गई। इसके अलावा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, आरोप पत्रित अपराधियों के भौतिक सत्यापन और थाना में लंबित चरित्र एवं पासपोर्ट सत्यापन कार्यों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस प्रविष्टि, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन तथा ई-साक्ष्य से जुड़े मामलों की भी जांच करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और थाना स्तर पर कार्यों में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखी जाए।