रामगढ़ (झारखंड ) में आभूषण दुकानों की सुरक्षा जांच, पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार को शहर के विभिन्न आभूषण दुकानों में विशेष जांच अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दुकानों में मौजूद सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और दुकानदारों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से जानकारी ली। साथ ही उन्हें सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

पुलिस ने दुकानदारों को दुकान में सुरक्षा गार्ड की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा आने-जाने वाले ग्राहकों पर सतर्क नजर रखने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पहचान समय रहते की जा सके।

दुकानदारों से यह भी अपील की गई कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। विशेष रूप से मास्क या हेलमेट पहनकर आने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति पुलिसकर्मी बनकर दुकान में प्रवेश करता है, तो उसकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें, ताकि किसी प्रकार की ठगी या आपराधिक घटना से बचा जा सके।

यह अभियान शहर के चट्टी बाजार, थाना चौक सहित अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में चलाया गया, जहां पुलिस ने दुकानदारों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अंत में पुलिस ने व्यवसायियों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि सतर्कता एवं पुलिस के साथ समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इस दौरान थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।