पतरातू(रामगढ़), झारखंड :जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से तुर्की निर्मित जिगाना कंपनी की 9 एमएम पिस्टल बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक 26 अप्रैल की रात करीब 8 बजे पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को सूचना मिली थी कि सोलिया गांव का रहने वाला अनीश अंसारी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तालाताड़ पंचायत अंतर्गत सोलिया गांव में छापेमारी की और अनीश अंसारी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को यह हथियार कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़े एक सदस्य ने किसी फायरिंग की घटना के बाद छिपाकर रखने के लिए दिया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
इस संबंध में पतरातू थाना कांड संख्या 101/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
छापेमारी दल में पतरातू अंचल पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, अवर निरीक्षक अफजल अंसारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।