रांची ( झारखंड ) : रेल यात्रियों और रेलकर्मियों के अनुभवों के आधार पर सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026” की शुरुआत की है।
इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता के तहत देशभर के नागरिकों एवं रेलकर्मियों से हिंदी में मौलिक रेल यात्रा वृत्तांत आमंत्रित किए गए हैं। चयनित प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार राशि :
प्रथम पुरस्कार: ₹10,000
द्वितीय पुरस्कार: ₹8,000
तृतीय पुरस्कार: ₹6,000
पांच प्रेरणा पुरस्कार: ₹4,000 (प्रत्येक)
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लेख पूरी तरह मौलिक और स्वरचित होना अनिवार्य है। प्रविष्टि की शब्द सीमा 3000 से 3500 शब्द निर्धारित की गई है। लेख डबल स्पेस में टंकित होना चाहिए तथा प्रत्येक पृष्ठ पर क्रम संख्या अंकित करना आवश्यक होगा।
प्रतिभागियों को अलग पृष्ठ पर अपना नाम, पदनाम, आयु, पता, मातृभाषा, मोबाइल नंबर, ई-मेल और कुल शब्द संख्या का उल्लेख करना होगा। सरकारी कर्मचारियों को यह प्रमाणित करना होगा कि उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक मामला लंबित नहीं है, जबकि अन्य प्रतिभागियों को आपराधिक मामले लंबित न होने की घोषणा देनी होगी।
इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 31 जुलाई 2026 तक दो प्रतियों में सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या–316, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली – 110002 के पते पर भेज सकते हैं।