रामगढ़ (झारखंड) : आईसीएसई बोर्ड की 10वीं परीक्षा में इस बार संत अन्ना स्कूल, कैथा के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। ओम आनंद और अरना गुप्ता ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
परीक्षा परिणाम में शौर्य अनिल मेहता 97 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तुष्टी कुमारी ने 96.4 प्रतिशत अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा हर्ष कुमार (95.4%), सिद्धी अग्रवाल (94.6%), अक्षत कुमार और श्रेयश गुप्ता (94.2%), रणवीर साह (93.2%), सोनाक्षी सिंह और यशवी (92.8%), निशा भारती (92.6%) तथा अमनदीप (91.4%) ने भी टॉप-10 सूची में जगह बनाई।
90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों में परोमिता मोइत्रा (91%), सोहेल अख्तर (90.6%) सहित कई अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष कुल 113 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण रहे। इनमें 21 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि अधिकांश छात्रों ने 75 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल किए। स्कूल की प्राचार्या सिस्टर एनी पॉल ने इस शत-प्रतिशत परिणाम पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।
जिला टॉपर अरना गुप्ता ने बताया कि उनका लक्ष्य डॉक्टर बनना है। उनके माता-पिता दोनों चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े हैं, जिससे उन्हें प्रेरणा मिली है। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे शौर्य अनिल मेहता ने इंजीनियर बनने की इच्छा जताई और अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत व लक्ष्य पर फोकस को दिया।
कुल मिलाकर, इस परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रामगढ़ के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।