रामगढ़ (झारखंड): रामगढ़ कैंट स्थित नई सराय, दामोदर नदी के पास संचालित प्रसिद्ध शैक्षणिक संस्था कैप्सूल कोर्स सह निःशुल्क शिक्षा दान केंद्र में अध्ययनरत बच्चों के बीच टेस्ट परीक्षा के उपरांत सफल विद्यार्थियों को लेखन सामग्री देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था के संस्थापक रविशंकर राय द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर संस्थापक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान और बुद्धि के बिना मानव जीवन अधूरा है। विद्या एक अनमोल रत्न है, जिसे कोई चुरा नहीं सकता। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था शिक्षा के क्षेत्र में विशेष प्रयास कर रही है, जहां मजदूरी करने वाले श्रमिक, गृहिणियाँ, दुकानों में कार्यरत महिलाएँ तथा वे सभी लोग जो मैट्रिक परीक्षा पास नहीं कर पाए हैं, वे निजी रूप से फॉर्म भरकर मध्यमा, जैक एवं सीबीएसई बोर्ड से परीक्षा उत्तीर्ण कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे विद्यार्थियों को विद्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि संस्था द्वारा घर पर ही उनकी पढ़ाई की तैयारी कराई जाती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती है, यदि मन में सीखने की इच्छा हो तो कैप्सूल कोर्स संस्था उसे पूरा करने में सहयोग करती है।
संस्थापक रविशंकर राय ने जिले के शिक्षा प्रेमियों, शिक्षाविदों एवं इच्छुक लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस निःशुल्क शिक्षा दान केंद्र से जुड़ें और अल्प समय में अपनी शिक्षा पूरी करने का अवसर प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से महिलाओं में इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और कई महिलाओं ने संस्था में पंजीकरण कराया है।
इस अवसर पर शिक्षक कमलेश \ उपाध्याय, गौतम सिंह, जगदीश रजवार, आद्या चौरसिया सहित जारा परवीन, समीदा परवीन, बुलबुल कुमारी, पलक कुमारी, मुजाहिद शाहनवाज, जोया परवीन, अमरीना परवीन, पूर्वी आलिया, मांशी, अनीशा कुमारी सहित कई छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।