रामगढ़ (झारखंड) में NEET (UG)–2026 परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संपन्न

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिले में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET (UG)–2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में परीक्षार्थियों ने अनुशासित माहौल में परीक्षा दी। रामगढ़ जिला में तीन विद्यालयों आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ तथा केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना में परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया।

परीक्षा संपन्न होने के बाद उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण बनाए रखना था, जिसे सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के समन्वित प्रयास से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को धन्यवाद दिया।

परीक्षा केंद्रों के बाहर भी विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा के समुचित इंतजामों के कारण परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी भी पूरी तरह मुस्तैद रहे।